नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) व्यापारिक संगठनों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हालिया प्रदर्शनों के कारण सार्वजनिक आवागमन पर लगी पाबंदियों और कारोबार पर पड़ रहे असर को लेकर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र लिखा है।
व्यापारिक एवं उद्योग संगठनों ने सोमवार से बुधवार के बीच लिखे गए अलग-अलग पत्रों में कहा कि वे सभी संगठनों के प्रदर्शन करने के अधिकार का सम्मान करते हैं, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि प्रदर्शनों के समय और तरीके से खासकर त्योहारों के दौरान कारोबार प्रभावित न हो।
संगठनों ने बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक क्षेत्रों और प्रमुख परिवहन मार्गों को अवरुद्ध किए जाने तथा जबरन बंद कराए जाने से बचाने के लिए मजबूत कानूनी एवं प्रशासनिक कदम उठाने की मांग की।
दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में पिछले कुछ दिन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हुए हैं।
विपक्षी नेताओं के मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ संयुक्त याचिका दायर करने के लिए सोमवार को उच्चतम न्यायालय की ओर मार्च करने के दौरान मध्य दिल्ली में भारी बैरिकेडिंग और सड़क बंद होने की स्थिति रही।
‘न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन’ (एनडीटीए) ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में कारोबारियों के व्यापार करने के अधिकार की रक्षा और वाणिज्यिक क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कानूनी कदम उठाने की मांग की।
‘फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया’ (एफटीआईआई) ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर उनसे एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की। संगठन ने कहा कि ये प्रदर्शन कारोबार के लिहाज से महत्वपूर्ण समय में व्यापारियों के बीच अनिश्चितता पैदा कर रहे हैं।
एफटीआईआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय बंसल ने पत्र में कहा कि नवरात्र से छठ पूजा तक का समय देशभर के कारोबारियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने भी सोमवार को गांधी को पत्र लिखकर कहा कि लगातार हो रही राजनीतिक रैलियों से छोटी औद्योगिक इकाइयों, खुदरा क्षेत्र के कर्मचारियों और दिहाड़ी मजदूरों को परेशानी हो रही है।
जयपुर व्यापार महासंघ ने भी सोमवार को गांधी को लिखे पत्र में उन पर राजनीतिक लाभ के लिए व्यापारियों के हितों को जोखिम में डालने का आरोप लगाया।
जयपुर व्यापार महासंघ ने प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और प्रधानमंत्री मोदी को भी पत्र लिखकर प्रमुख आर्थिक गलियारों में अवरोध रोकने तथा वाणिज्यिक एवं प्रौद्योगिकी केंद्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
‘फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया डिस्ट्रिब्यूटर्स एसोसिएशंस’ (एफएआईडीए) ने सोमवार को प्रधान न्यायाधीश को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि त्योहारों के दौरान प्रदर्शनों और बाजार बंद होने से व्यावसायिक क्षेत्रों में पैदा हुए व्यवधान लोकतांत्रिक स्वतंत्रता का दुरुपयोग है।
भाषा यासिर अजय
अजय