कोलकाता, 14 अक्टूबर (भाषा) कोलकाता के पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने बुधवार को इन आरोपों को खारिज कर दिया कि पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर दुर्गा पूजा का उद्घाटन करने जाते समय उनके आवास के बाहर एक महिला ने हमला किया था।
उन्होंने कहा कि इस शिकायत में ‘‘कोई दम या सच्चाई नहीं’’ है।
मंगलवार की हुई इस घटना के सिलसिले में एक निकाय स्वयंसेवक को गिरफ्तार किया गया, जो कथित तौर पर एक साल से ड्यूटी से गैर-हाजिर थी।
पुलिस आयुक्त ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया, ‘‘यह कोई हमला नहीं था। वह उनसे (ममता) मिलने गई थी, लेकिन समर्थकों को कुछ और ही लगा।’’
नंद ने कहा कि आरोपी महिला बनर्जी को जानती थी और उसके पिता भी पूर्व मुख्यमंत्री को जानते थे।
उन्होंने कहा, ‘‘महिला को गिरफ्तार किया गया है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ा और उसके बाद पूरा मामला समझ में आया। शिकायत में कोई दम या सच्चाई नहीं है।’’
ममता तृणमूल कांग्रेस की सांसद डोला सेन ने शिकायत दर्ज कराई है कि मंगलवार शाम जब बनर्जी अपने कालीघाट आवास के पास मिलन संघ में दुर्गा पूजा का उद्घाटन करने जा रही थीं, तो एक महिला ने चाकू से उन पर हमला करने की कोशिश की।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि महिला आक्रामक अंदाज में बनर्जी की ओर आगे बढ़ी। शिकायतकर्ता ने जेड-प्लस सुरक्षा प्राप्त पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।
भाषा राजकुमार शफीक
शफीक