Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

फतेहपुर में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर डोमिनोज के प्रतिष्ठान को बंद करने का आदेश दिया गया

कानपुर (उप्र), 14 अक्टूबर (भाषा) फतेहपुर जिले के तंबेश्वर नगर में स्थित ‘डोमिनोज’ के एक प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा मानकों के कथित उल्लंघन पर कामकाज बंद करने का आदेश दिया गया है।

एक वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बुधवार को यह जानाकरी दी और कहा कि खाद्य सुरक्षा की जांच में शाकाहारी और मांसाहारी भोज्य पदार्थों को अलग-अलग रखने की व्यवस्था में कमी पाई गई।

अधिकारी ने कहा कि यह आदेश मांसाहारी खाने को लेकर हुए हंगामे और उसके बाद हुई जांच के बाद दिया गया, जिसमें शाकाहारी और मांसाहारी खाना बनाने की जगहों के बीच उचित विभाजन नहीं होने समेत अलग-अलग इंतजाम न होने की बात सामने आई थी।

खाद्य सुरक्षा एवं संरक्षा के सहायक आयुक्त वीरेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि खामियों को दूर किए जाने और अनुवर्ती निरीक्षण के दौरान सुधारात्मक उपायों को संतोषजनक पाए जाने के बाद ही प्रतिष्ठान को फिर से संचालित करने की अनुमति दी जाएगी।

धर्मेंद्र सिंह जनसेवक नामक एक हिंदू नेता के नेतृत्व में दक्षिणपंथी सदस्यों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सोमवार देर शाम निरीक्षण किया।

निरीक्षण में पाया गया कि प्रतिष्ठान में शाकाहारी और गैर-शाकाहारी दोनों प्रकार के खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे और परोसे जा रहे थे। यद्यपि अलग-अलग बर्तन और उपकरण उपयोग में थे, लेकिन इंतज़ाम ऐसे नहीं थे जिनसे दोनों तरह के खाने को ठीक से अलग रखा जा सके, जिससे एक खाने की चीज़ का दूसरे में मिल जाना का खतरा बढ़ गया था।

उन्होंने कहा कि विभाग ने ‘खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006’ की धारा 32 के तहत प्रतिष्ठान प्रबंधक को सुधार नोटिस जारी किया और प्रबंधन को कमियां ठीक करने का निर्देश दिया।

कुशवाहा ने कहा कि जब तक ज़रूरी सुधार नहीं किए जाते, तब तक कामकाज बंद रहेगा।

उन्होंने कहा, 'प्रबंधन को खाद्य सुरक्षा विभाग को अनुपालन के संबंध में जवाब देना होगा, जिसके बाद अधिकारी एक और जांच करेंगे।'

कुशवाहा ने ज़ोर देकर कहा कि अगर सुधारात्मक उपाय संतोषजनक पाए जाते हैं, तो प्रतिष्ठान को फिर से काम शुरू करने की इजाज़त दी जाएगी।

भाषा सं जफर

संतोष

संतोष