अहमदाबाद, 14 अक्टूबर (भाषा) बंगाल ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी में अपने अभियान का आगाज जीत के साथ करते हुए दिल्ली को चौथे और आखिरी दिन नौ विकेट से हरा दिया ।
अपने कल के स्कोर तीन विकेट पर 101 रन से आगे खेलते हुए दिल्ली की टीम 106 . 2 ओवर में 277 रन पर आउट हो गई । कप्तान आयुष बडोनी ने 134 गेंद में 85 रन बनाये जिसमें दस चौके शामिल थे। विकेटकीपर बल्लेबाज अनुज रावत ने 76 गेंद में 39 रन का योगदान दिया ।
दिल्ली के 240 रन के जवाब में बंगाल ने पहली पारी में 429 रन बनाये थे और उसे 89 रन का लक्ष्य हासिल करने के लिये 15 . 3 ओवर की ही जरूरत पड़ी ।
वहीं एक अन्य मैच में बाएं हाथ के स्पिनर सिद्धार्थ देसाई की शानदार गेंदबाजी के दम पर गुजरात ने ओडिशा को 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर बोनस अंक सहित सात अंक हासिल किए।
ओडिशा ने सुबह चार विकेट पर 119 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई लेकिन उसकी पूरी टीम 161 रन पर आउट हो गई। गुजरात को इस तरह से 47 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने 9.3 ओवर में बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया।
इससे पहले देसाई ने 36 रन देकर पांच विकेट लिए और ओडिशा को सस्ते में समेटने में अहम भूमिका निभाई। ओडिशा की तरफ से संदीप पटनायक ने 65 और निनाद राठवा ने 53 रन बनाए।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जन नागवासवाला ने भी गुजरात की जीत में योगदान दिया। उन्होंने मैच में छह विकेट लिए, जिसमें दूसरी पारी में लिए गए 33 रन देकर तीन विकेट भी शामिल हैं।
भाषा
मोना सुधीर
सुधीर