नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) खेल मंत्रालय ने आइची-नागोया में 18 अक्टूबर से शुरू होने वाले पैरा एशियाई खेलों के लिए भारतीय दल में दो बोकिया खिलाड़ियों को शामिल करने की मंजूरी दे दी है, जिससे इन खेलों में भाग लेने वाले देश के खिलाड़ियों की कुल संख्या 168 हो गई है।
बोकिया में खिलाड़ी छह लाल या नीली चमड़े की गेंदों को फेंककर, लात मारकर या रैंप की मदद से सफेद रंग के लक्ष्य के यथासंभव पास में पहुंचाने की कोशिश करते हैं। सफेद रंग के इस लक्ष्य को जैक कहा जाता है। खिलाड़ियों के रंग टॉस से तय किए जाते हैं। इस खेल में शारीरिक दिव्यांग खिलाड़ी भाग ले सकते हैं।
सचिन चमारिया और अंजली देवी को बोकिया व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भाग लेने की अनुमति मिल गई है। उनके साथ प्रतियोगिता के दौरान एक कोच (गुरप्रीत सिंह) और दो रैंप ऑपरेटर भी रहेंगे।
भारतीय खिलाड़ियों के साथ कोच, सहयोगी स्टाफ, चिकित्सा दल और राष्ट्रीय पैरालंपिक समिति के अधिकारियों सहित 113 गैर खिलाड़ी सदस्य भी इन खेलों के लिए जापान जाएंगे। इस तरह से भारतीय दल की संख्या बढ़कर 281 हो गई है।
भारत ने हालांकि 2023 में चीन के हांगझोउ में आयोजित किए गए पिछले खेलों में 303 सदस्यीय दल भेजा था।
पिछली बार भारत ने पैरा एथलेटिक्स में 123 सदस्यीय दल उतारा था लेकिन इस बार यह संख्या केवल 62 रह गई है।
भारत के 168 खिलाड़ियों में 112 पुरुष और 56 महिला खिलाड़ी शामिल हैंं जो 11 खेलों में अपना भाग्य आजमाएंगे।
पिछले पैरा एशियाई खेलों में भारत ने 27 स्वर्ण, 32 रजत और 49 कांस्य पदकों सहित 108 पदक जीते थे। यह पहला अवसर था जबकि भारत ने 100 से अधिक पदक जीते।
भाषा
पंत मोना
मोना