Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

मणिपुर : कांग्रेस सांसद अकोइजम पर यौन उत्पीड़न के आरोपों के विरोध में युवाओं ने रैली निकाली

इंफाल, 14 अक्टूबर (भाषा) युवाओं के एक समूह ने कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों के विरोध में मणिपुर में भाजपा कार्यालय की ओर एक रैली निकाली।

प्रदर्शनकारियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ नारे लगाए और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पूर्व प्रोफेसर अकोइजम के विरुद्ध आरोप लगाये जाने की निंदा की।

प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं, जिनपर लिखा था, ‘‘हम एक अच्छे नेता का समर्थन करते हैं।’’

प्रदर्शनकारियों ने लोक भवन से 100 मीटर से भी कम दूरी पर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।

एक प्रदर्शनकारी ने कहा, ‘‘हम अकोइजम के खिलाफ आरोप लगाये जाने की कड़ी निंदा करते हैं। युवा अकोइजम के साथ खड़े हैं। भाजपा उन्हें निशाना बना रही है, क्योंकि वह मणिपुर के लिए खड़े हुए। उनका दमन करने का मतलब है राज्य को दबाना। इस मुद्दे का राजनीतिकरण न करें।’’

यह रैली उस घटनाक्रम के एक दिन बाद निकाली गई, जब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य ए. शारदा देवी समेत कई महिला सांसदों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अकोइजम के खिलाफ लगाये गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर राष्ट्रपति से हस्तक्षेप का अनुरोध किया।

बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में शारदा देवी ने कहा कि उन्होंने भाजपा की महिला सांसदों के साथ राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की और इस मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध करते हुए ज्ञापन सौंपा।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने उचित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई किये जाने और शिकायत करने वालों की सुरक्षा की मांग की।’’

एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, जेएनयू ने नौ अक्टूबर को प्रोफेसर अकोइजम को यौन उत्पीड़न की शिकायतों के कारण बर्खास्त कर दिया। अकोइजम कांग्रेस सांसद भी हैं। उन्होंने अपनी बर्खास्तगी पर कहा कि उन्हें साजिश के तहत निशाना बनाया गया है तथा सवाल किया कि क्या इसमें उचित प्रक्रिया का पालन किया गया।

भाषा सुभाष सुरेश

सुरेश