काहिरा, 14 अक्टूबर (एपी) सऊदी अरब की राजधानी रियाद में बुधवार को फिर धमाकों की आवाजें सुनाई दीं जिसके बाद पड़ोसी देश यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों को फिर से हमलों के लिए जिम्मेदारी ठहराया गया।
हूती विद्रोहियों से लड़ रहे सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने कहा कि उसने विद्रोहियों की ओर से रियाद की तरफ दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को रोक दिया। तत्काल किसी के हताहत होने या नुकसान की खबर नहीं है।
हूती विद्रोहियों ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। वे हालिया ईरान युद्ध के एक नए मोर्चे पर सऊदी अरब के हवाई अड्डों, सैन्य ठिकानों और तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे हैं। इस बीच, विद्रोहियों के नियंत्रण वाले क्षेत्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यमन में हुए हमलों में दो लोगों की मौत होने की जानकारी दी और इसके लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया।
सऊदी अरब के संवेदनशील प्रतिष्ठानों से धुआं उठने की घटनाओं ने क्षेत्र और वैश्विक बाजारों में चिंता बढ़ा दी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह विचार कर रहे हैं कि अमेरिका को हूती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब के हमलों में शामिल होना चाहिए या नहीं।
रियाद के निवासियों ने सुरक्षा कारणों से नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर ताजा धमाकों की जानकारी दी। सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने रियाद और राजधानी के दक्षिण-पूर्व में स्थित खरज प्रांत में हवाई हमले के अलर्ट जारी होने की सूचना दी।
पिछले एक सप्ताह में रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई हमले हुए हैं, जिनमें 17 लोगों की मौत और 300 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
हूती विद्रोही हवाई अड्डों और तेल प्रतिष्ठानों पर हमलों की पहले से चेतावनी दे रहे हैं। मंगलवार को सऊदी अरामको के एक प्रतिष्ठान की प्रशासनिक इमारत में आग लग गई।
इस बीच, क्षेत्रीय अधिकारियों के अनुसार, अमेरिकी हथियारों का दुनिया में सबसे बड़ा खरीदार सऊदी अरब मिसाइलों को रोकने वाले हथियारों की कमी का सामना कर रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इतने बड़े क्षेत्र में होने वाले सभी मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोकना संभव नहीं है।
सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने बताया कि रोकी गई हूती विद्रोहियों की दो बैलिस्टिक मिसाइलों का मलबा रियाद के रिहायशी इलाकों में गिरा, जिससे एक बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए और 15 मकान क्षतिग्रस्त हुए।
सऊदी अरब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन सरकार के समर्थन में विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाकों में हवाई हमले कर रहा है। हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि मंगलवार को होदेदा प्रांत के रास ईसा बंदरगाह क्षेत्र में हुए हवाई हमले में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हुए।
मंत्रालय ने इसके लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने सना में एक तेल प्रतिष्ठान पर भी हमला किया।
एपी मनीषा वैभव
वैभव