Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

महिला से दुष्कर्म करने और जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार

पालघर, 14 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा में पुलिस ने दुष्कर्म और जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में 22 वर्षीय जिम ट्रेनर एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आरिफ अयूब शेख को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शेख के खिलाफ 23 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। शिकायत के मुताबिक, शेख ने अप्रैल 2025 में सोशल मीडिया पर महिला से दोस्ती की और विश्वास जीतने के बाद उसे अपने घर ले जाकर कई बार यौन उत्पीड़न किया।

महिला ने आरोप लगाया कि उसने मारपीट की और शादी का झांसा देकर अपनी मां रुखसाना के साथ मिलकर उस पर धर्म परिवर्तन के लिये दबाव बनाया। उसने शेख के चचेरे भाई साहिल के खिलाफ भी मारपीट की कोशिश करने का आरोप लगाया।

जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से अश्लील वीडियो की 100 से अधिक क्लिप बरामद हुईं। शुरुआती जांच में इनमें से कुछ के विदेशों में प्रसारित होने की आशंका जताई गई है।

आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे ने बताया कि मुख्य आरोपी, उसकी मां और चचेरे भाई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दुष्कर्म, गलत तरीके से बंधक बनाने, चोट पहुंचाने, हमला करने और आपराधिक धमकी देने से संबंधित मामले दर्ज किए गए हैं।

नवरात्रि पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भी शेख के खिलाफ एक अन्य मामला दर्ज है।

भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मंगलवार को पुलिस थाने का दौरा किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर दावा किया कि 16 से 23 वर्ष की एक दर्जन से अधिक हिंदू लड़कियों का यौन शोषण हुआ और 100 से अधिक वीडियो मिले।

उन्होंने आरिफ, सोहेल, अहमद मेमन और रुकसाना समेत करीब एक दर्जन लोगों की संलिप्तता तथा मोबाइल में विदेश से लेनदेन के संकेत मिलने का भी दावा किया।

उन्होंने इसे ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए मुंबई महानगर क्षेत्र में बड़े गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई। ये दावे पुलिस की ओर से स्वतंत्र रूप से पुष्ट नहीं किए गए हैं।

भाषा तान्या रंजन

रंजन