Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

तुर्किये में अधिकारियों ने एक टीवी चैनल के मुख्यालय पर छापा मारा

इस्तांबुल, 14 अक्टूबर (एपी) तुर्किये में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के तहत अधिकारियों ने बुधवार को एक टेलीविजन चैनल के मुख्यालय की तलाशी ली और उसके कामकाज की निगरानी के लिए एक प्रशासक नियुक्त किया।

प्रेस की आजादी के लिए काम करने वाले संगठनों और विपक्षी दलों ने ‘हल्क टीवी’ के खिलाफ सरकार की कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने इसे विपक्ष की आवाज को दबाने की सरकार की एक और कोशिश करार दिया।

‘हल्क टीवी’ तुर्किये के उन चुनिंदा प्रसारणकर्ताओं में से एक है, जो सरकार के खिलाफ मुखर रहा है।

राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोआन के दो दशक से अधिक लंबे शासनकाल के दौरान तुर्किये में प्रेस की स्वतंत्रता लगातार कमजोर हुई है और ज्यादातर मीडिया संस्थान सरकार के नियंत्रण में हैं।

‘रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स’ के विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में तुर्किये को 180 देशों में 163वें स्थान पर रखा गया है।

इस्तांबुल के मुख्य अभियोजक कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, ‘हल्क टीवी’ के अध्यक्ष काफर माहिरोग्लू के खिलाफ निविदा में हेराफेरी, रिश्वतखोरी और धनशोधन के आरोपों की जांच शुरू की गई है।

बयान में कहा गया है कि 17 संदिग्धों के खिलाफ हिरासत वारंट जारी किए गए हैं, जिनमें से 11 को हिरासत में ले लिया गया है।

खबरों के अनुसार, चैनल का प्रसारण अस्थायी रूप से रोक दिया गया है और वित्तीय अपराध जांच दल की ओर से मुख्यालय के अंदर तलाशी लिए जाने के दौरान पुलिस ने इमारत को घेर लिया।

माहिरोग्लू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में ‘हल्क टीवी’ के कामकाज की निगरानी के लिए प्रशासक की नियुक्ति की निंदा करते हुए इसे राजनीतिक मंशा से की गई कार्रवाई और “तुर्किये के लिए काला दिन” बताया।

विदेश में रहने वाले माहिरोग्लू ने अपने खिलाफ लगे आरोपों को “बेबुनियाद” बताते हुए कहा कि उनके सात रिश्तेदारों को हिरासत में लिया गया है।

एपी पारुल सुरेश

सुरेश