Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

मायावती ने एनएचएम के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग की

लखनऊ, 14 अक्टूबर (भाषा) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने बुधवार को उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत काम कर रहे संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग की और राज्य सरकार से उन्हें स्थायी भर्ती की प्रक्रिया में शामिल करने का आग्रह किया।

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अभी हाल ही में अगले छह महीने के अन्दर एक लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की गयी है, लेकिन बेहतर यह होता कि जिन भी सरकारी विभागों में अस्थायी तौर पर लोग वर्षों से कार्यरत हैं उन्हें भी स्थायी नौकरी देने की व्यवस्था में शामिल किया जाये।’’

उन्होंने कहा कि बसपा आउटसोर्सिंग एवं संविदा आदि की शोषणकारी व्यवस्था (खासकर सरकारी तंत्र में) के विरुद्ध रही है।

बसपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी की मांग है कि सरकारी नौकरी के लिए भर्ती के क्रम में एनएचएम के अन्तर्गत विगत अनेक वर्षों से निरन्तर सेवा दे रहे है समस्त संविदा कर्मचारियों को भी स्वास्थ्य विभाग में नियमित किया जाये। उन्होंने कहा कि यह एक उचित कदम होगा।

उन्होंने कहा कि कर्मचारी स्थायी किये जाने समेत अन्य मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से लखनऊ के मान्यवर श्री कांशीराम जी ईको गार्डन के पास धरने पर बैठे हैं।

मायावती ने कहा कि बुधवार को सभी 75 जिलों से हजारों की संख्या में एनएचएम कर्मचारी पक्की नौकरी की मांग को लेकर यहां इको गार्डन में एकत्र हुए।

उन्होंने कहा कि आठ अक्टूबर से शुरू हुए इस आंदोलन में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, ‘ऑक्सिलरी नर्स मिडवाइफ’(एएनएम), नर्सिंग ऑफिसर, डॉक्टर और स्वास्थ्य देखभाल से जुड़े दूसरे संविदा कर्मचारी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, वे अपना विरोध जारी रखेंगे।

भाषा जफर मनीषा संतोष

संतोष