तिरुवनंतपुरम, 14 अक्टूबर (भाषा) केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बुधवार को राज्य विधानसभा को आश्वासन दिया कि मिनी कूपर कार की टक्कर से तीन युवाओं की मौत के मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जांच को लेकर विपक्ष की चिंताओं को दूर करने की कोशिश करते हुए यह आश्वासन दिया।
चेन्निथला, नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन की ओर से उठाए गए मुद्दे का जवाब दे रहे थे। विजयन ने मीडिया में आईं खबरों का हवाला देते हुए कहा कि प्राथमिकी दर्ज करने, चालक को गिरफ्तार करने और उसकी मेडिकल जांच कराने में देरी हुई।
रविवार तड़के कोच्चि के पास नेदुंबस्सेरी में तेज रफ्तार मिनी कूपर कार ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी थी।
इस हादसे में करीब दो युवतियों और एक युवक की मौत हो गई थी। आरोप है कि कार एक युवक चला रहा था, जो शराब के नशे में था।
विजयन ने सवाल उठाया कि प्राथमिकी में आरोपी के रूप में सुहैल का नाम क्यों दर्ज नहीं किया गया और पुलिस ने उसके खिलाफ कानून की अधिक सख्त धाराएं क्यों नहीं लगाईं ?
उन्होंने यह भी सवाल किया कि 19 साल के चालक को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद किशोर गृह क्यों भेजा गया।
विजयन को जवाब देते हुए चेन्निथला ने कहा कि पुलिस ने आरोपी चालक का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के लिए मोटर वाहन विभाग से अनुरोध किया है।
घटना के समय कार में मौजूद सुहैल और तीन अन्य लोगों को किशोर गृह भेजने के फैसले पर मंत्री ने कहा कि मजिस्ट्रेट अदालत ने जेल नियमों के अनुसार कार्रवाई की थी। इन नियमों के तहत 18 से 21 वर्ष की उम्र के लोगों को इन जगहों पर भेजने का प्रावधान है।
चेन्निथला ने सदन में दोहराया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें अधिकतम संभव सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
भाषा जोहेब मनीषा
मनीषा