नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुखर्जी नगर में कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी की इमारतों की उपयुक्तता, सुरक्षित निकास मार्गों तथा अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े भवनों में आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े शौचालयों को ‘पिंक टॉयलेट’ के रूप में विकसित कर जल्द चालू कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त शौचालय बनाने के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने को कहा।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि गुप्ता ने मंगलवार देर शाम राजधानी के प्रमुख शैक्षणिक एवं कोचिंग केंद्र मुखर्जी नगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और विभिन्न विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं से बातचीत की। वह चाय की दुकान पर विद्यार्थियों के बीच बैठीं और उनकी समस्याएं सुनीं।
बयान के मुताबिक, विद्यार्थियों ने किफायती लाइब्रेरी की कमी, मौजूदा लाइब्रेरी के बार-बार बंद होने, पीजी के अधिक किराए, जमानत राशि और बिचौलिए के खर्च की समस्याएं बताईं। उन्होंने छोटे कमरों, सीमित हवा-पानी की व्यवस्था, निर्माण कार्यों से होने वाली परेशानी और पीजी में भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता जताई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को लाइब्रेरी की स्थिति और सुरक्षा मानकों की जांच करने तथा खाली भूखंडों और सामुदायिक भवनों में निःशुल्क लाइब्रेरी के लिए जगह तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार विद्यार्थियों की आवास संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पीजी नीति और नए छात्रावासों की उपलब्धता जैसे विषयों पर काम कर रही है।
बयान के अनुसार, छात्राओं ने देर शाम आवागमन के दौरान सुरक्षा और कुछ स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने की समस्याएं उठाईं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी व्यवस्था की समीक्षा करने तथा नियमों के विरुद्ध गहरे रंग की फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों ने कूड़े, दुर्गंध, पेयजल की गुणवत्ता और रात में तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजने की शिकायतें भी कीं। मुख्यमंत्री ने नियमित सफाई, पेयजल संबंधी शिकायतों की जांच और ध्वनि संबंधी नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए।
गुप्ता ने कहा कि मुखर्जी नगर, नेहरू विहार और आसपास के क्षेत्रों में पढ़ाई कर रहे युवा विकसित भारत की नींव हैं। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से दिल्ली आकर पढ़ने वाले युवा राजधानी के परिवार का हिस्सा हैं और उन्हें सुरक्षित वातावरण तथा बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
भाषा नोमान तान्या वैभव
वैभव
वैभव