नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) बुनियादी ढांचा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी सीगल इंडिया को 1,659.84 करोड़ रुपये की दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग परियोजना के एक हिस्से का काम पूरा करने का प्रमाणपत्र मिल गया है।
कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा कि उसे उत्तर प्रदेश में दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग के एक महत्वपूर्ण हिस्से के लिए प्राधिकरण के इंजीनियर से काम पूरा करने का प्रमाणपत्र मिला है। इस हिस्से का निर्माण उसने गायत्री प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के साथ मिलकर किया है।
इस परियोजना के तहत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-709बी के दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा से ईपीई जंक्शन तक के हिस्से (चेनज 14.750 किलोमीटर से 31.600 किलोमीटर) को छह लेन का, नियंत्रित प्रवेश वाला राजमार्ग बनाया गया है।
परियोजना की संशोधित अनुमानित लागत 1,659.84 करोड़ रुपये है। यह हिस्सा भारतमाला परियोजना के पहले चरण के तहत विकसित किए जा रहे आर्थिक गलियारे का हिस्सा है। भारतमाला देशभर में राजमार्ग संपर्क बेहतर बनाने के लिए सरकार का प्रमुख कार्यक्रम है।
सीगल इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रमणीक सहगल ने कहा, ‘‘दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग के लिए काम पूरा करने का प्रमाणपत्र मिलना सीगल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।’’
भाषा निहारिका
निहारिका