Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

पड़ोसी राज्य केरल में खनिजों के परिवहन पर प्रतिबंध जारी रहेगा : तमिलनाडु के मंत्री

तेनकासी (तमिलनाडु), 14 अक्टूबर (भाषा) तमिलनाडु के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री वी. के. राजीव ने कहा है कि तेनकासी जिले से पड़ोसी राज्य केरल में खनिज संसाधनों के परिवहन पर लगा प्रतिबंध जारी रहेगा।

मंत्री ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि केरल में खनिजों के परिवहन पर तीन महीने के लिए लगाई गई मौजूदा रोक नहीं हटाई जाएगी और यह आगे भी जारी रहेगी।

राजीव ने कहा, ‘‘प्रतिबंध लागू है और यह जारी रहेगा।’’

मंत्री ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर पर्यावरण से जुड़ी चिंताओं का जिक्र करते हुए लोगों से वायु एवं ध्वनि प्रदूषण कम करने के लिए पर्यावरण अनुकूल ‘हरित पटाखों’ का इस्तेमाल करने और तेज आवाज वाले पटाखों, विशेष रूप से पटाखों की लड़ियां जलाने से बचने की अपील की।

उन्होंने कहा कि तेनकासी पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील जिला है, जहां बड़े पैमाने पर जंगल हैं और वन्यजीव भी पाए जाते हैं इसलिए त्योहार इस तरह मनाना जरूरी है कि वन्यजीवों को कोई परेशानी न हो।

मंत्री ने बताया कि विभाग दीपावली के दौरान सुरक्षा बरतने और प्रदूषण पर नियंत्रण से संबंधित सलाह जल्द ही जारी करेगा।

राजीव ने प्रदूषण कम करने और एकल इस्तेमाल वाले प्लास्टिक का उपयोग घटाने के प्रयासों का जिक्र करते हुए बताया कि पर्यावरण में प्राकृतिक रूप से नष्ट होने वाली वस्तुएं बनाने वाले उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘स्टार्टअप टीएन’ के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है।

उन्होंने कहा कि विवाह समारोह स्थलों के मालिकों को एकल इस्तेमाल वाली प्लास्टिक की बोतलों की जगह कागज के कप या पानी के जग इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

मंत्री ने बताया कि जिले के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को बार-बार इस्तेमाल की जा सकने वाली स्टील की पानी की बोतलें उपलब्ध कराने के लिए संभावित प्रायोजकों की मदद लेने पर भी विचार किया जा रहा है।

भाषा सिम्मी मनीषा

मनीषा