हांगकांग, 14 अक्टूबर (एपी) चीन का निर्यात सितंबर में सालाना आधार पर 36.3 प्रतिशत बढ़ा। यूरोपीय संघ समेत उसके व्यापारिक साझेदारों की ओर से व्यापार संतुलित करने का दबाव बढ़ने के बीच निर्यात में यह तेजी आई है। चीन के सीमा शुल्क विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी।
निर्यात के ये आंकड़े अर्थशास्त्रियों की उम्मीदों से बेहतर रहे। अगस्त में निर्यात में 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी जबकि सितंबर में इसकी रफ्तार और तेज हो गई।
सेमीकंडक्टर और कारों जैसे उच्च-प्रौद्योगिकी उत्पादों ने विदेशों में चीन की बढ़ती आपूर्ति को गति देने में मदद की है।
सितंबर में चीन का आयात भी सालाना आधार पर 31 प्रतिशत बढ़ा। अगस्त में आयात में 28.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।
इसके परिणामस्वरूप, सितंबर में चीन का व्यापार अधिशेष बढ़कर 133.5 अरब डॉलर हो गया, जो अगस्त में 119.1 अरब डॉलर था।
वर्ष 2026 के पहले नौ महीनों (जनवरी-सितंबर) में चीन का व्यापार अधिशेष 938 अरब डॉलर तक पहुंच गया। ऐसा प्रतीत होता है कि यह पिछले साल के पूरे वर्ष के 1.2 लाख करोड़ डॉलर के रिकॉर्ड को पार कर सकता है।
मजबूत निर्यात ने इस साल चीन की कुल आर्थिक वृद्धि को गति देने में मदद की है। हालांकि, घरेलू खपत एवं निवेश सुस्त बने हुए हैं जिस पर कई वर्षों से जारी रियल एस्टेट क्षेत्र की मंदी का असर पड़ा है।
बीएनपी परिबास एसेट मैनेजमेंट की वरिष्ठ बाजार रणनीतिकार एकातेरिना बिगोस ने कहा कि चीन के निर्यात की मजबूती के सामने अब चुनौतियां बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका-चीन व्यापार तनाव कुछ कम हुआ है, लेकिन यूरोपीय संघ की व्यापार असंतुलन कम करने की पहल का सीधा निशाना उच्च मूल्य वाले निर्यात हैं।’’
गौरतलब है कि 27 देशों के यूरोपीय संघ (ईयू) को चीन के साथ व्यापार घाटे को कम करने में खास तौर पर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यह घाटा प्रतिदिन 1.1 अरब डॉलर से अधिक है।
यूरोपीय संघ के व्यापार प्रमुख मारोस सेफकोविच ने पिछले सप्ताह बीजिंग की यात्रा के दौरान अपने चीनी समकक्ष वांग वेन्ताओ से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने कहा कि चीन के साथ एक समझौता हुआ है। इसमें अगले कुछ वर्षों में यूरोपीय संघ में चीन से आने वाली हाइब्रिड कारों के आयात को आधा करना भी शामिल है।
एपी निहारिका
निहारिका