Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

दिल्ली मंत्रिमंडल ने मोदी के 25 साल के नेतृत्व की सराहना की, केंद्र के सहयोग के लिए आभार जताया

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली मंत्रिमंडल ने सरकार के प्रमुख के तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर उनके नेतृत्व की सराहना की और राष्ट्रीय राजधानी में विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार से मिले सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी।

गुप्ता ने संवाददाता सम्मेलन में पिछले एक साल के दौरान बुनियादी ढांचे के विकास और नीतिगत मामलों में उठाए गए कई प्रमुख कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने ‘विकसित दिल्ली’ के लक्ष्य को हासिल करने में राष्ट्रीय राजधानी की मदद की है।

उन्होंने पिछली सरकारों पर केंद्र की योजनाओं को लागू करने में रुचि नहीं दिखाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यमुना की सफाई, कूड़े के पहाड़ों को हटाने और पर्यावरण में सुधार जैसी पुरानी समस्याओं से निपटने के लिए प्रधानमंत्री ने दिल्ली को लगातार वित्तीय सहायता मुहैया कराई है।

गुप्ता ने कहा कि पिछली सरकारें अपने कार्यकाल में उन योजनाओं को अपनाने की इच्छुक नहीं थीं, जिनके नाम में ‘प्रधानमंत्री’ शब्द था। उन्होंने कहा कि फरवरी 2025 में उनकी सरकार बनने के बाद केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिल्ली के लोगों तक सीधे पहुंचाने के लिए काम किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 2014 में सत्ता संभालने के बाद से दिल्ली को स्वच्छ भारत मिशन, अटल कायाकल्प और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) तथा पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता योजना (एसएएससीआई) सहित विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता मिलती रही है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत दिल्ली को अब तक 1,200 करोड़ रुपये मिले हैं और कूड़े के पहाड़ों को हटाने के काम में प्रधानमंत्री की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत भी करीब 830 करोड़ रुपये मिले हैं।

गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं से दिल्ली को लगातार लाभ मिला है और इन योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में कोई कमी नहीं रहने दी गई है।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कई काम अटके हुए थे, लेकिन 2025 में उनकी सरकार बनने के बाद केंद्र की सभी योजनाओं को दिल्ली में लागू किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक के बाद ही आयुष्मान भारत योजना लागू की, जो देश के अन्य हिस्सों में पहले से लागू थी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया गया, जबकि दिल्ली सरकार ने इसमें पांच लाख रुपये और जोड़े।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत अब तक नौ लाख लोग पंजीकरण करा चुके हैं और करीब 65,000 दावों का निपटारा किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की वय वंदना योजना और जन औषधि योजना सहित प्रधानमंत्री की विभिन्न पहलों का लाभ भी लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में अब तक करीब 425 आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा चुके हैं और सरकार का लक्ष्य इनकी संख्या बढ़ाकर लगभग 1,100 करना है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकार ने इस योजना का लाभ नहीं उठाया, जबकि मौजूदा दिल्ली सरकार अब हर निवासी को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में यातायात जाम की समस्या दूर करने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है और यह केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई सड़क एवं बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई परियोजनाओं के कारण संभव हुआ है।

भाषा नोमान सिम्मी

सिम्मी