Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

किसान प्रदर्शन से मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग पर यातायात बाधित, 'गूगल मैप्स' से रास्ता बंद दिखाने को कहा

पुणे, 14 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा पर किसानों के प्रदर्शन के कारण बुधवार को व्यस्त मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने यात्रियों को इस मार्ग से बचने की सलाह दी है और 'गूगल मैप्स' से प्रभावित हिस्से को बंद दिखाने का अनुरोध किया है।

कोल्हापुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रंजन कुमार शर्मा ने लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी।

पुलिस ने 'गूगल मैप्स' के अधिकारियों को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि कर्नाटक में महाराष्ट्र सीमा के पास कोगनोली टोल प्लाजा पर जारी प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 के प्रभावित हिस्से को बंद दिखाया जाए।

किसान मंगलवार सुबह से गन्ने की कीमतों, इथेनॉल की दरों और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस आंदोलन के कारण महाराष्ट्र के कोल्हापुर और अन्य हिस्सों से कर्नाटक के बेलगावी तथा बेंगलुरु की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित हुआ है।

पुणे रेंज के पुलिस अधीक्षक (राजमार्ग) डॉ. शिवाजी पवार के कार्यालय के अनुसार, बुधवार सुबह भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ था।

पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि जब तक आवश्यक न हो, वे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर यात्रा करने से बचें। प्रदर्शन के कारण यातायात जाम हो गया है और स्थिति सामान्य होने में समय लग सकता है।

शर्मा ने कहा कि स्थिति में सुधार होने पर यात्रियों को इसकी जानकारी दी जाएगी।

अधिकारी ने कहा कि यातायात सामान्य होने पर पुलिस 'गूगल मैप्स' को इसकी जानकारी देगी, ताकि सड़क बंद होने से संबंधित सलाह वापस ली जा सके।

शर्मा ने कहा कि इन वैकल्पिक मार्गों पर यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिसकर्मियों की मदद से जरूरी इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि यात्रा टालना संभव न हो, तो वे इन मार्गों का इस्तेमाल करें।

भाषा वैभव

वैभव