Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

चीन के साथ संबंध फिर से मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है भारत : पीयूष गोयल

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि भारत, चीन के साथ अपने संबंधों को फिर से मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है, लेकिन इस यात्रा का अंतिम पड़ाव अभी तय नहीं हुआ है।

उन्होंने साथ ही कहा कि भारत किसी भी देश के साथ संयुक्त उद्यम के लिए तैयार है, बशर्ते उसे उचित शर्तों पर समझौता मिले।

गोयल ने यहां ‘ब्लूमबर्ग न्यू इकॉनमी फोरम’ में कहा, ‘‘हम दुनिया के सभी देशों के साथ काम करने के लिए तैयार हैं, बशर्ते हमें उचित शर्तों पर समझौता मिले, आपसी संपर्क एवं सहयोग में निरंतरता बनी रहे और भू-राजनीतिक स्थिति खराब न हो। मुझे लगता है कि अतीत में हमारी कुछ चिंताएं थीं। हम चीन के साथ एक बार फिर संबंध बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं लेकिन इस यात्रा का अंतिम पड़ाव अभी तय नहीं हुआ है।’’

गोयल की ये टिप्पणियां महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि चीन भारत का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार वित्त वर्ष 2025-26 में 7.9 प्रतिशत बढ़कर 127.7 अरब डॉलर हो गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 118.39 अरब डॉलर था।

वित्त वर्ष 2025-26 में चीन को भारत का निर्यात 36.62 प्रतिशत बढ़कर 19.47 अरब डॉलर हो गया, जबकि 2024-25 में यह 14.25 अरब डॉलर था। दूसरी ओर, इस अवधि में आयात 16 प्रतिशत बढ़कर 131.62 अरब डॉलर हो गया।

गत वित्त वर्ष में भारत का व्यापार घाटा बढ़कर 99.19 अरब डॉलर हो गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 85 अरब डॉलर था। यह देश के लिए चिंता का विषय है।

चीन से निवेश को लेकर भी मुद्दे हैं। भारत ने चीन के साथ भूमि सीमा साझा करने वाले देशों से आने वाले प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के लिए नियम सख्त किए हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 12 सितंबर, 2026 को ‘ब्रिक्स शिखर सम्मेलन’ से इतर चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात भी की थी।

भाषा निहारिका

निहारिका