Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

सऊदी अरब में अरामको परिसर पर हमले के बाद एक इमारत में आग लगी, कोई हताहत नहीं

काहिरा, 14 अक्टूबर (एपी) सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत में स्थित दुनिया के सबसे बड़े तेल प्रतिष्ठानों में शामिल अरामको के परिसर को निशाना बनाकर किए गए हमले के बाद वहां एक प्रशासनिक इमारत में मामूली आग लग गई। सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने मंगलवार रात एक-दूसरे पर हमले किए। यह पश्चिम एशिया में लगातार बरकरार संकट के बीच तनाव और बढ़ने का संकेत है।

यह हमला देश के प्रमुख तेल उत्पादक क्षेत्र ‘ईस्टर्न प्रोविंस’ और राजधानी रियाद की ओर आ रही मिसाइलों के बारे में सऊदी गठबंधन की ओर से कई चेतावनियां जारी किए जाने के कुछ ही समय बाद हुआ।

हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले प्रसारणकर्ता ‘अल-मसीरा’ और स्थानीय निवासियों ने बताया कि सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने मंगलवार को यमन की राजधानी सना में हवाई हमले किए। सना पर हूती विद्रोहियों का नियंत्रण है।

इन हमलों से कुछ ही समय पहले गठबंधन के एक प्रवक्ता ने लोगों से अपनी सुरक्षा के लिए इलाका खाली करने की अपील की थी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गठबंधन द्वारा सना के पश्चिम में स्थित सुबाहा ईंधन केंद्र को निशाना बनाए जाने के कुछ घंटे बाद शहर में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं।

इससे पहले गठबंधन ने एक बयान जारी कर हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाली राजधानी में आम नागरिकों से संभावित हमले से पहले ‘यमनी ऑयल कंपनी’ के परिसर और आसपास के भंडारण क्षेत्रों को खाली करने का आग्रह किया था। कंपनी का परिसर राजधानी के पास एक पहाड़ी पर स्थित है।

गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने हूती विद्रोहियों पर इस परिसर और इसके भूमिगत ईंधन भंडारों का इस्तेमाल मिसाइल तथा ड्रोन को रखने के लिए करने का आरोप लगाया।

इस घटनाक्रम के कुछ घंटे बाद सऊदी अरब ने राजधानी रियाद और प्रमुख तेल उत्पादक क्षेत्र ‘ईस्टर्न प्रोविंस’ की ओर मिसाइलें आने की चेतावनी जारी की, लेकिन उसने जल्द ही कहा कि खतरा टल गया है।

गठबंधन ने बताया कि उसने रियाद और दक्षिणी प्रांत वादी अल-दवासिर समेत देश के कई इलाकों में हूती विद्रोहियों की ओर से दागी गई कई बैलिस्टिक मिसाइलों, ड्रोन और क्रूज मिसाइलों को उनके लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिया।

रियाद के निवासियों ने बताया कि उन्होंने जोरदार धमाकों की आवाजें सुनीं।

एपी सिम्मी खारी

खारी