चेन्नई/अमरावती, 13 अक्टूबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मंगलवार को अमरावती में आंध्र प्रदेश के अपने समकक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की और चेन्नई के लिए कृष्णा नदी से अतिरिक्त पानी छोड़ने का अनुरोध किया।
विजय ने नायडू के आवास पर उनसे मुलाकात की और गोदावरी-कावेरी नदी जोड़ो परियोजना के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने का भी आग्रह किया क्योंकि इससे सभी दक्षिणी राज्यों को लाभ होगा, खेती में मदद मिलेगी और पेयजल सुरक्षा मजबूत होगी।
इसके साथ ही, विजय ने कहा कि तमिलनाडु में सतही जल संसाधनों की कमी है और वह अपनी 30 प्रतिशत से अधिक जल जरूरतों के लिए पड़ोसी राज्यों पर निर्भर है।
तमिलनाडु सरकार ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा कि विजय ने नायडू को अवगत कराया कि चेन्नई की जल सुरक्षा के लिए कृष्णा नदी का पानी बेहद महत्वपूर्ण है और फिलहाल शहर के पांच जलाशयों में केवल करीब 35 प्रतिशत पानी ही उपलब्ध है।
नायडू ने इस अनुरोध पर कहा कि आंध्र प्रदेश पानी की उपलब्धता और जरूरत के आधार पर अतिरिक्त पानी छोड़ने पर विचार करेगा। इसी के साथ उन्होंने चेन्नई की पेयजल जरूरतों को पूरा करने की राज्य की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
नायडू के अनुसार, आंध्र प्रदेश अब तक चेन्नई के लिए 4.08 टीएमसी पानी छोड़ चुका है।
दोनों मुख्यमंत्रियों ने अधिकारियों के साथ मिलकर आपसी हित के कई मुद्दों पर भी चर्चा की।
नायडू ने गोदावरी और कावेरी नदियों को आपस में जोड़ने के महत्व पर ज़ोर दिया और इसे सूखे का स्थायी समाधान बताया।
बाद में, दोनों मुख्यमंत्रियों ने पुन्नामी घाट पर आयोजित सांस्कृतिक उत्सव 'विजयवाड़ा उत्सव 2.0' में हिस्सा लिया, जहां नायडू ने पद संभालने के बाद शहर की अपनी पहली यात्रा पर आए विजय का स्वागत किया।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत