Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध हेलीकॉप्टर टीम ‘सारंग’ ने प्रदर्शन से पहले पूर्वाभ्‍यास शुरू कर दिया

बरेली (उप्र), 13 अक्‍टूबर (भाषा) बरेली में बृहस्‍पतिवार से शुरू होने वाले भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम ‘सारंग’ ने प्रदर्शन से पहले पूर्वाभ्‍यास शुरू कर दिया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पूर्वाभ्‍यास में टीम के तालमेल वाले हवाई करतबों और पास-पास रहकर किए जाने वाले हवाई करतबों की तैयारी शामिल थी। इन करतबों के लिए पायलटों के बीच सटीक तालमेल, अनुशासित उड़ान और बहुत ज़्यादा अभ्यास की ज़रूरत होती है।

आधिकारिक बयान के अनुसार भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम ‘सारंग’ आठ साल बाद बरेली में 15 से 17 अक्टूबर तक हवाई करतब दिखाएगी।

रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) द्वारिका प्रसाद ने बताया कि ‘सारंग’ दुनिया की एक अनोखी सैन्य हवाई प्रदर्शन टीम है, जिसमें पांच हेलीकॉप्टर शामिल हैं। यह टीम भारत में बने एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ से उड़ान भरती है।

उन्‍होंने कहा कि टीम के सदस्य हवा में बहुत कम दूरी पर उड़ते हुए कई कठिन करतब दिखाते हैं। इसके लिए पायलटों को बहुत अच्छे कौशल, अनुशासन और आपसी भरोसे की जरूरत होती है। ‘सारंग’ का प्रदर्शन भारतीय पायलटों की क्षमता और देश की बढ़ती विमान निर्माण क्षमता को दिखाता है।

‘सारंग’ की स्थापना वर्ष 2003 में हुई थी। तब से टीम ने भारत और विदेशों के कई बड़े ‘एयर शो’ में भारतीय वायु सेना का प्रतिनिधित्व किया है। टीम का नाम संस्कृत के शब्द ‘सारंग’ से लिया गया है, जिसका अर्थ मोर होता है। अपने रंगीन हेलीकॉप्टरों और शानदार उड़ान के कारण ‘सारंग’ भारतीय गौरव और साहस का प्रतीक बन गई है।

बरेली में होने वाला यह प्रदर्शन लोगों को सैन्य विमानन को करीब से समझने का मौका देगा। यह कार्यक्रम खासकर विद्यार्थियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक होगा। हेलीकॉप्टरों के करतब देखकर उनमें विमानन, विज्ञान और तकनीक के प्रति रुचि बढ़ सकती है। इससे वे सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए भी प्रेरित हो सकते हैं। यह प्रदर्शन टीमवर्क, अनुशासन, सटीकता और लगातार अभ्यास का महत्व भी बताएगा।

‘सारंग’ का यह प्रदर्शन युवाओं को बड़े सपने देखने और देश की सेवा करने के लिए प्रेरित करेगा। यह भारतीय वायु सेना की क्षमता और भारत की स्वदेशी तकनीक का शानदार प्रदर्शन होगा।

भाषा सं आनन्‍द सुरभि

सुरभि