वाशिंगटन, 13 अक्टूबर (एपी) यूनान में अमेरिका की राजदूत किम्बर्ली गिल्फॉइल ने एथेंस में अपने कार्यकाल से पहले और उसके दौरान अनुचित एवं अवैध आचरण के आरोपों के चलते मंगलवार को पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह अपना “पुरजोर बचाव” करेंगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने मंगलवार को कहा था कि उसने एथेंस में अपने कार्यकाल से पहले और उसके दौरान अनुचित एवं अवैध आचरण के आरोपों से घिरी गिल्फॉइल को यूनान में अमेरिका की राजदूत के पद से इस्तीफा देने का निर्देश दिया है।
ट्रंप की प्रेस सचिव केटी जकारिया ने व्हाइट हाउस में अपनी पहली प्रेस वार्ता में कहा था कि गिल्फॉइल “टीम के लिए एक बेहतरीन सदस्य रही हैं और हम उनके अच्छे भविष्य की कामना करते हैं।”
ट्रंप ने गिल्फॉइल के कथित आचरण से जुड़ी खबरों पर सोमवार को गहरी नाराजगी जाहिर की थी, जिसके बाद उनके इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई थीं।
व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से मुखातिब अमेरिकी राष्ट्रपति से जब यह पूछा गया कि क्या वह गिल्फॉइल को बर्खास्त करने पर विचार कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा, “हम इस मामले को देख रहे हैं। हम खुश नहीं हैं।”
‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने गिल्फॉइल के आचरण पर सवाल उठाते हुए कई खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें उन पर यूनान के एक अधिकारी को धमकी देने, अनुचित तरह से तोहफे एवं सेवाएं स्वीकार करने और क्रेडिट कार्ड बिल के भुगतान के बदले प्रशासन में अपने रसूख का इस्तेमाल करने की पेशकश करने के आरोप लगाए गए हैं।
हालांकि, गिल्फॉइल ने इन आरोपों पर सीधे कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। लेकिन उनके वकीलों ने पिछले हफ्ते जारी एक बयान में कहा था कि गिल्फॉइल ने कुछ भी गलत नहीं किया है।
एपी पारुल प्रशांत
प्रशांत