लखनऊ, 13 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश भू संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) ने राज्य के आठ जिलों में रियल एस्टेट की 15 नयी परियोजनाओं को मंजूरी दी है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इनमें 1,226.57 करोड़ रुपये का प्रस्तावित निवेश और 1,549 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों का विकास शामिल है।
उन्होंने बताया कि इनमें सबसे बड़ा हिस्सा लखनऊ का है, जहां 471.24 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश वाले सात आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
उप्र रेरा ने एक बयान में कहा कि इन परियोजनाओं में 599 आवासीय इकाइयां होंगी।
बयान के मुताबिक, परियोजना प्रस्तावों की जांच के बाद प्राधिकरण की बैठक में यह स्वीकृति दी गई। कुल 15 परियोजनाओं में वाराणसी, मथुरा, बुलंदशहर, मुरादाबाद, मेरठ, बाराबंकी की परियोजनाएं भी शामिल हैं।
भाषा आनन्द सुरभि
सुरभि