Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

अकाल तख्त जत्थेदार ने पंजाब में मादक पदार्थ विरोधी कार्यकर्ता की हत्या की निंदा की

चंडीगढ़/अमृतसर, 13 अक्टूबर (भाषा) अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने मंगलवार को पंजाब के मानसा में मादक पदार्थों विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या की निंदा करते हुए इसे ‘पंथ’ और पंजाब के लिए बड़ी क्षति बताया।

उन्होंने झोटा की हत्या को मादक पदार्थ के खतरे पर अंकुश लगाने में राज्य सरकार की ‘‘विफलता’’ करार दिया।

मादक पदार्थ के दुरुपयोग और दवा दुकानों पर उनकी अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान चलाने वाले झोटा की मंगलवार को पंजाब के मानसा जिले के एक व्यस्त बाजार में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने दवा दुकान के मालिक अश्वनी कुमार की तलाश शुरू कर दी है। आरोप है कि बुजुर्ग को मादक पदार्थ बेचने को लेकर पूछताछ किए जाने से नाराज होकर उसने झोटा और उनके साथियों पर गोली चला दी।

गड़गज ने झोटा के हत्यारे और इसमें शामिल अन्य सभी व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने सभी सिख संगठनों और संस्थाओं से झोटा के परिवार को पूरा समर्थन देने की अपील की।

जत्थेदार ने कहा कि वह जल्द ही तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार बाबा टेक सिंह के साथ झोटा के परिवार से मिलने जाएंगे।

इस बीच पंजाब भाजपा के महासचिव अनिल सरीन ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को पूरे पंजाब में जिला-स्तरीय विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।

भाषा प्रचेता प्रशांत

प्रशांत