मुजफ्फरनगर (उप्र), 13 अक्टूबर (भाषा) मुजफ्फरनगर जिले के भोराकला क्षेत्र में मंगलवार को अज्ञात हमलावरों ने शिव मंदिर के एक बुजुर्ग पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अभिषेक सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने शिव मंदिर के पुजारी देवानंद स्वामी (80) की गोली मारकर हत्या कर दी।
सिंह ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया।
डीआईजी ने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीम बनाई गई है। उन्होंने बताया कि गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना की आगे की जांच जारी है।
भाषा सं आनन्द सुरभि
सुरभि