नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) डॉ. बी. आर. आंबेडकर विश्वविद्यालय ने मंगलवार को प्रदर्शनकारी छात्रों के एक समूह पर उसके कश्मीरी गेट परिसर में संस्थान की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई करने का आरोप लगाया।
विश्वविद्यालय ने एक बयान में कहा कि यह घटना शाम करीब सात बजे हुई, जब बिना पूर्व अनुमति के धरने पर बैठे छात्रों ने परिसर के अनुशासन को कथित तौर पर भंग करने का प्रयास किया।
शैक्षणिक संस्थान का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने परिसर में तैनात पुरुष और महिला सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई भी की।
बयान के अनुसार, जब विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने स्थिति को शांत करने के लिए छात्रों के साथ बातचीत शुरू करने का प्रयास किया, तो उन्हें दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा।
प्रशासन ने बयान में कहा कि उसने अन्य छात्रों की सुरक्षा के लिए पुलिस को इस विवाद की जानकारी दी थी।
विश्वविद्यालय ने यह भी कहा कि प्रदर्शनकारी छात्रों की सभी “वैध और स्वीकार्य” मांगों को प्रशासन ने पहले ही पूरा कर दिया है।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत