भोपाल, 13 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में पुलिस ने एक ट्रक से 735 किलोग्राम गांजा जब्त कर चालक और उसके सहायक को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 1.13 करोड़ रुपये आंका गया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात गश्त के दौरान जयसिंहनगर थाना पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर उसमें 18 बोरियों और 81 पैकेट में गांजा भरा मिला।
पुलिस ने ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश और झारखंड के निवासी हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा सं दिमो सुरभि
सुरभि