Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

दिल्ली सरकार ने नौ औद्योगिक क्षेत्रों में 170 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की शुरुआत की

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली सरकार ने सड़कों को बेहतर बनाने, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने और पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को राजधानी के नौ औद्योगिक क्षेत्रों में 170 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की शुरुआत की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

इन परियोजनाओं में लगभग 15 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण एवं सुधार तथा लगभग 34 किलोमीटर लंबी वर्षा जल निकासी प्रणालियों का विकास शामिल है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजस्थानी उद्योग नगर औद्योगिक क्षेत्र में इन परियोजनाओं का उद्घाटन किया और औद्योगिक बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण तथा व्यवसायों के लिए सुविधाओं में सुधार के लिए दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास सरकार की मुख्य प्राथमिकता है और आश्वासन दिया कि औद्योगिक क्षेत्रों के उन्नयन के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के किसी भी औद्योगिक क्षेत्र को विकास प्रक्रिया से बाहर नहीं छोड़ा जाएगा।

उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों को वर्षों से बुनियादी ढांचे की कमियों का सामना करना पड़ा है, जहां पिछले 25 वर्षों में अपर्याप्त विकास के कारण कई सड़कें खराब स्थिति में हैं।

बयान में कहा गया है कि इन परियोजनाओं के तहत राजस्थानी उद्योग नगर, जीटीके उद्योग नगर, नारायणा औद्योगिक क्षेत्र, लॉरेंस रोड, नजफगढ़ (रामा रोड), डीएलएफ मोती नगर, नांगलोई जाट और एस-ब्लॉक, ओखला फेज दो सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं।

भाषा नोमान प्रशांत

प्रशांत