हाजीपुर, 13 अक्टूबर (भाषा) बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में एक नाव पलट जाने से कई लोगों के डूबने की आशंका है।
घटना में मरने वालों की कुल संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, अपुष्ट खबरों के मुताबिक, हादसा जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां नाव पर करीब 20 लोग सवार थे। ये सभी लोग पास के एक गांव में भोज में शामिल होने जा रहे थे। सूचना के अनुसार नाव पर अधिकतर बच्चे सवार थे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस हादसे में ‘मासूमों की जान जाने’ पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के निकटतम परिजनों को अनुग्रह राशि के रूप में चार-चार लाख रुपये देने की घोषणा की।
राघोपुर से विधायक एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि डूबने वालों में अधिकतर बच्चे हैं। उन्होंने प्रशासन से राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने का आग्रह किया।
घटना के संबंध में वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह से बार-बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं हो सकीं।
भाषा कैलाश सुरभि
सुरभि