कपूरथला (पंजाब), 13 अक्टूबर (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से उसके शासन वाले गुजरात के बंदरगाहों के माध्यम से मादक पदार्थों की निरंतर आपूर्ति पर स्पष्टीकरण देने को कहा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब को निशाना बनाने से पहले भाजपा को अपने राज्यों के रिकॉर्ड को लेकर जवाब देना चाहिए।
मान ने एक बयान में केंद्र और गुजरात दोनों जगह सत्ता में होने के बावजूद मादक पदार्थों की तस्करी से प्रभावी ढंग से निपटने में विफल रहने पर भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को स्पष्टीकरण देने की चुनौती दी।
कपूरथला स्थित 'आई. के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी' (आईकेजीपीटीयू) के 14वें दीक्षांत समारोह के दौरान सभा को संबोधित करते हुए मान ने कहा, “मादक पदार्थों की समस्या को लेकर पंजाब को बदनाम करने की कोशिश करने वालों को पहले इस समस्या से निपटने में अपनी खुद की विफलताओं पर जवाब देना चाहिए।”
पिछले महीने, सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के बाद उस पर निशाना साधा था। पार्टी ने कहा था कि उन्हें देश के अन्य हिस्सों में मादक पदार्थ से जुड़े नेटवर्क और जांच को लेकर सवालों के जवाब देने चाहिए।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत