ब्रह्मपुर (ओडिशा), 13 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के कंधमाल जिले की 22 वर्षीय एक महिला ने यहां सरकारी एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दुर्लभ जुड़े हुए जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। चिकित्सकों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
चिकित्सकों ने बताया कि दोनों बच्चे लड़के हैं। जन्म के समय उनके दो सिर और दो गर्दन थीं तथा उनका कुल वजन 2.250 किलोग्राम था। उन्होंने कहा कि बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति अच्छी नहीं है।
बाल शल्य चिकित्सा विभाग के प्रमुख डॉ. मानस रंजन साहू ने बताया कि दोनों बच्चों को नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में रखा गया है। उनके शरीर का धड़ एक है, जबकि रीढ़ की हड्डियां दो हैं।
साहू ने बताया कि दोनों बच्चों का हृदय और यकृत (लिवर) भी एक ही है तथा उनके हाथ और पैर एक-एक जोड़ी हैं। साहू ने बताया कि इन बच्चों के जनन-मूत्र मार्ग भी एक ही हैं, बाहरी जननांग पुरुषों जैसे हैं और गुदा का छिद्र नहीं है।
चिकित्सकों ने इस बेहद दुर्लभ मामला बताया।
उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों को सांस लेने में परेशानी हो रही है और उनकी जटिल स्वास्थ्य स्थितियों के कारण जीवित बचने की संभावना बेहद कम है।
मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक सुदीपा दास ने कहा, ‘‘हमने बच्चों के इलाज के लिए चिकित्सकों की एक टीम बनाई है। एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में संभवतः ऐसा पहली बार हुआ है।’’
भाषा राखी दिलीप
दिलीप