बेगूसराय, 13 अक्टूबर (भाषा) बिहार के बेगूसराय जिले में एक महिला पर तेजाब फेंकने के आरोपी 30 वर्षीय व्यक्ति को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
घटना सोमवार रात करीब 9.25 बजे की है, जब महिला अस्पताल से अपने घर लौट रही थी।
बेगूसराय पुलिस की ओर से जारी बयान के अनुसार, पीड़िता ने आरोपी की पहचान समस्तीपुर जिले के रामपुर जलालपुर गांव निवासी गौतम झा के रूप में की है।
बयान में कहा गया है कि आरोपी ने महिला पर उस समय तेजाब फेंका, जब वह बाइपास से उतरकर हरख रोड की ओर जा रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि महिला को इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी चोटों को सामान्य बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का दौरा कर निरीक्षण किया और पीड़िता से मुलाकात कर घटना के संबंध में जानकारी ली। घटनास्थल की जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 124 के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कहा कि घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा कैलाश सुरभि
सुरभि