(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला करते हुए उन्हें ‘माफिया’ बताया और आरोप लगाया कि उन्होंने पूरी चुनावी व्यवस्था का ‘अपराधीकरण’ कर दिया है।
राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा कि लोकतंत्र और मतदान के अधिकार की लड़ाई राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी रहेगी।
उन्होंने यह टिप्पणी मीडिया से बातचीत में की। इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने आवास पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं और नागरिक समाज तथा छात्र संगठनों के सदस्यों को चाय पर आमंत्रित किया था।
राउत ने यहां मीडिया को संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ज्ञानेश कुमार माफिया हैं। वह ऐसे माफिया हैं, जिन्होंने पूरी (चुनावी) व्यवस्था का अपराधीकरण कर दिया है। हम ऐसे माफिया से लड़ना और निपटना जानते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 12 वर्षों से (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी और (गृह मंत्री अमित) शाह ने देश को डर और भय के माहौल में रखा है, लेकिन अब उनके डरने की बारी है।’’
राउत ने कहा कि वे डरे हुए हैं और इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी के नेतृत्व में यह संघर्ष दिल्ली, राज्यों और शहरों में जारी रहेगा। हम सभी एकजुट हैं और एकजुट रहेंगे।’’
भाषा
संतोष पवनेश
पवनेश