कोलकाता, 13 अक्टूबर (भाषा) भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई ने मंगलवार को दावा किया कि ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्षी दलों के लगातार विरोध-प्रदर्शन आम लोगों के लिए ‘लगातार परेशानी’ का सबब बने हुए हैं। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि आंदोलन तेज हुआ तो लोग ‘जवाबी कार्रवाई’ करेंगे।
विपक्षी दल पिछले कुछ दिनों से एकजुट होकर सड़कों पर उतर रहे हैं और नयी दिल्ली में पुलिस के साथ उनकी झड़पें भी हुई हैं। विपक्ष ने कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ अपना विरोध तेज करते हुए मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।
भाजपा ने इन प्रदर्शनों को ‘नाटक’ करार देते हुए कहा है कि संवैधानिक संस्थाओं को राजनीतिक नाटकबाजी में नहीं घसीटा जा सकता।
भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रवक्ता देबजीत सरकार ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘अराजकता पैदा करने की कोशिश न करें। भारत के लोग और जागरूक जनता लंबे समय से संयम बरत रही है। प्रशासन के जिम्मेदार लोग यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि मामला आगे न बढ़े।’’
बाद में सरकार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से अपनी टिप्पणी का अर्थ स्पष्ट करते हुए कहा, ‘‘यदि प्रदर्शनों में तेजी आती है, जो आम जनता के लिए लगातार परेशानी का कारण बन रहे हैं, तो आम लोग जवाबी कार्रवाई करेंगे।’’
विपक्ष पर लगातार संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए सरकार ने कहा, ‘‘पहले सरकार को निशाना बनाया गया, फिर निर्वाचन आयोग को और अब भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) को। वे पिछले कुछ दिनों से सीजेआई पर दबाव बना रहे हैं।’’
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप