Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

जम्मू कश्मीर के डोडा में डेंगू के 190 से अधिक मामलों की पुष्टि

भद्रवाह/जम्मू, 13 अक्टूबर (भाषा) जम्मू कश्मीर के डोडा में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। डोडा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में 190 से अधिक ऐसे मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता पड़ी।

मामलों में वृद्धि के मद्देनजर अधिकारियों ने निगरानी मजबूत करने और डेंगू के संक्रमण प्रभावित क्षेत्र की पहचान करने के लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) से सहायता मांगी है।

अधिकारियों ने बताया कि आईसीएमआर-एनआईवी उत्तर जोन, जम्मू-कश्मीर के प्रभारी अधिकारी डॉ. कैसर फारूक डार के नेतृत्व में आईसीएमआर-एनआईवी, पुणे के वैज्ञानिकों के एक पांच सदस्यीय दल ने जीएमसी, डोडा की सूक्ष्मजीव विज्ञान प्रयोगशाला और डेंगू के संक्रमण से प्रभावित शहर के कई क्षेत्रों का दौरा किया।

टीम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों की भी जांच की और उनकी परीक्षण रिपोर्ट की समीक्षा की।

डॉ. डार ने कहा कि इस जिले में प्रयोगशाला द्वारा पुष्ट डेंगू के 190 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता पड़ी है। उन्होंने बताया कि पारंपरिक रूप से डेंगू के प्रति संवेदनशील न रहने वाले इस जिले के ऐतिहासिक रुझानों की तुलना में यह एक तीव्र वृद्धि है।

इस बीच, डोडा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग स्थानीय निकायों के समन्वय से डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश