नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर उन पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें अपने कथित ‘‘कृत्यों’’ की जांच का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए, जब मौजूदा सरकार सत्ता से बाहर हो जाएगी।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए उन पर ‘‘बड़बोलापन, झांसा और डींग हांकने’’ का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने 2029 के लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर अभी से ‘भविष्यवाणी’ की है।
कांग्रेस नेता ने ‘‘वोट चोरी’’ का आरोप दोहराते हुए दावा किया कि देश के लोग अपने मताधिकार की ताकत को समझते हैं और इसके जरिये सरकारों को जवाबदेह बना सकते हैं तथा उन्हें सत्ता से बाहर कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि देश में, विशेषकर युवाओं के बीच, सरकार के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है और वे सड़कों पर उतर रहे हैं।
रमेश ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का परोक्ष रूप से उल्लेख करते हुए दावा किया कि समाज के विभिन्न वर्गों में उनके खिलाफ बढ़ती भावना से दोनों ‘‘घबराए हुए’’ हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘गृह मंत्री को अपने उन कई कृत्यों की जांच का सामना करने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर देनी चाहिए, जो उनके ‘साहिब’ के नेतृत्व वाली सरकार के गिरने के बाद शुरू होंगी।’’
भाषा हक पवनेश अविनाश
अविनाश