नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) आयकर विभाग ने आकलन वर्ष 2026-27 के लिए ऑडिट रिपोर्ट समय पर दाखिल करने को लेकर करीब 12,000 कर पेशेवरों को एसएमएस और ईमेल भेजे हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक, विभाग ने यह पाया कि कर ऑडिट रिपोर्ट दाखिल करने की समयसीमा 30 सितंबर से बढ़ाकर 21 अक्टूबर किए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में रिपार्ट अबतक जमा नहीं की गई हैं। उसके बाद यह कदम उठाया गया।
सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया कि यह संदेश उन चुनिंदा कर पेशेवरों को भेजा गया है, जिन्होंने पिछले वित्त वर्ष में दाखिल की गई रिपोर्ट की तुलना में आकलन वर्ष 2026-27 के लिए 50 प्रतिशत से भी कम कर ऑडिट रिपोर्ट (फॉर्म 3सीडी) दाखिल की हैं।
उन्होंने बताया कि ‘सक्षम नज’ अभियान के तहत करीब 12,000 कर पेशेवरों से संपर्क किया गया है।
‘सक्षम नज’ आयकर विभाग की आंकड़ों पर आधारित गैर-हस्तक्षेपकारी पहल है। इसका उद्देश्य करदाताओं को सही जानकारी और समय पर विवरण दाखिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने अब इस पहल का दायरा बढ़ाकर कर पेशेवरों को भी इसमें शामिल किया है। ये पेशेवर कर अनुपालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सूत्रों ने बताया कि आकलन वर्ष 2026-27 के लिए अबतक 19.5 लाख से अधिक ऑडिट रिपोर्ट दाखिल की जा चुकी हैं।
भाषा रमण अजय
अजय