Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग ने दो दिवसीय समीक्षा बैठक की

देहरादून, 13 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंगलवार को प्रदेश के अधिकारियों को निर्धारित चुनाव योजना के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।

यहां आयोजित दो दिवसीय उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के समापन पर आयोग के अधिकारियों ने प्रदेश में अब तक की तैयारियों पर संतोष जताया और सभी अधिकारियों को चुनाव योजना के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के आयुक्त, पुलिस रेंज के प्रभारी, पुलिस के राज्य नोडल अधिकारी, सभी जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षकों सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की 20 से अधिक प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोग के प्रतिनिधिमंडल के समक्ष विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक में आयोग की ओर से वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, मीडिया महानिदेशक आशीष गोयल, सूचना प्रौद्योगिकी महानिदेशक सीमा खन्ना और उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी वी आर सी पुरुषोत्तम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के पहले दिन सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिला ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के मद्देनजर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की प्रथम स्तरीय जांच (ईवीएम-एफएलसी) पर कार्यशाला आयोजित की गई।

बैठक के दूसरे दिन जिला निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में चुनाव तैयारियों के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया, जबकि पुलिस अधीक्षकों ने अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर जानकारी दी।

भाषा दीप्ति सुरभि

सुरभि