Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

चाकू लेकर ममता बनर्जी के पास पहुंचने की कोशिश करने वाली महिला हिरासत में ली गई

कोलकाता, 13 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मंगलवार को जब कालीघाट स्थित अपने आवास के पास दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन करने जा रही थीं, तो चाकू लिए एक महिला ने हिंसक अंदाज में उनके पास पहुंचने की कोशिश की। इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है।

ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की नेता डोला सेन ने शिकायत में आरोप लगाया कि यह घटना मंगलवार शाम करीब छह बजे हुई, जब बनर्जी अपने इलाके में मिलन संघ पूजा पंडाल गई थीं।

शिकायत में महिला का नाम दर्ज है और आरोप लगाया गया है कि इलाके में उसे एक नागरिक स्वयंसेवक और नशे की आदी महिला के रूप में जाना जाता है।

सेन ने शिकायत में कहा, ‘‘वह गाली-गलौज कर रही थी और नशे की हालत में ममता बनर्जी के पास हिंसक तरीके से पहुंचने की कोशिश कर रही थी।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि महिला के पास चाकू था।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि महिला ने खुद को बनर्जी की भतीजी बताया और उनके पास पहुंचने की कोशिश करते हुए सड़क पर लेटकर हंगामा किया।

सेन ने कहा कि यह चिंता का विषय है कि कथित तौर पर हथियार लेकर कोई महिला जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त बनर्जी के आवास तक पहुंच सकती है।

उन्होंने आशंका जताई कि यह घटना किसी साजिश का नतीजा हो सकती है। राज्यसभा की पूर्व सदस्य सेन ने पुलिस से शिकायत के साथ सौंपे गए तस्वीरों और वीडियो फुटेज की जांच करने तथा उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

उन्होंने अधिकारियों से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 173 के तहत मामले का संज्ञान लेने का आग्रह किया। यह धारा संज्ञेय अपराधों के संबंध में पुलिस द्वारा सूचना दर्ज करने की प्रक्रिया से संबंधित है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हम महिला से पूछताछ कर रहे हैं और उसके इस व्यवहार के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रहे हैं। हम घटना के वीडियो फुटेज की भी जांच कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों से भी बात की जाएगी।’’

ममता बनर्जी की पार्टी के एक अन्य नेता साकेत गोखले ने इस घटना को ‘‘चौंकाने वाली खबर’’ बताते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि ‘‘नशे की आदी एक महिला’’ ममता बनर्जी के आवास तक पहुंची और चाकू से उन पर हमला करने की कोशिश की।

गोखले ने कहा, ‘‘बंगाल में यह कैसी स्थिति है कि जेड-प्लस सुरक्षा प्राप्त और तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकीं नेता भी सुरक्षित नहीं हैं। क्या यह भाजपा की सुनियोजित साजिश थी, क्योंकि दीदी दिल्ली में उन्हें खत्म करने के लिए दृढ़ हैं? शिकायत दर्ज कराई गई है। क्या पुलिस कार्रवाई करेगी या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से इसकी अनुमति दी गई थी?’’

भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप

दिलीप Ravikant