Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

बिहार में परमाणु ऊर्जा परियोजना के लिए भी होगा जल आवंटन

पटना, 13 अक्टूबर (भाषा) बिहार में बिजली उत्पादन बढ़ाने और भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए सौर ऊर्जा, पंप्ड स्टोरेज और परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं के विकास की दिशा में पहल की जा रही है। इस सिलसिले में मंगलवार को बिहार राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड (बीएसपीजीसीएल) के प्रबंध निदेशक विशाल राज की अध्यक्षता में जल संसाधन विभाग और लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।

ऊर्जा विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, बैठक में विभिन्न ऊर्जा परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता, जलाशयों के उपयोग और जल संसाधनों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में औरंगाबाद में 110 एकड़ भूमि की उपलब्धता, फुलवरिया जलाशय पर फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाने तथा पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं के लिए जलाशयों के उपयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया। इसके अलावा, परमाणु ऊर्जा परियोजना के लिए जल आवंटन के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

बयान के अनुसार, परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। बीएसपीजीसीएल के प्रबंध निदेशक ने एक संयुक्त समिति गठित कर चिह्नित स्थलों का निरीक्षण करने और सरकारी, निजी तथा बंजर भूमि की उपलब्धता का विस्तृत ब्योरा तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने आवश्यक स्वीकृतियां और अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को भी कहा।

इस मुद्दे पर ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि बिहार में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए सौर ऊर्जा, पंप्ड स्टोरेज और परमाणु ऊर्जा जैसे विकल्पों की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देना और भविष्य की बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए मजबूत व्यवस्था तैयार करना है। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

ऊर्जा सचिव एवं बिहार राज्य विद्युत होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (बीएसपीएचसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव ने कहा कि ऊर्जा परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए भूमि, जल संसाधन और आवश्यक स्वीकृतियों से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान जरूरी है।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने, चिह्नित स्थलों का संयुक्त निरीक्षण करने और एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शाम के समय बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली जैसी व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

भाषा कैलाश सुरभि

सुरभि