लखनऊ, 13 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में कैफे संचालक की कथित हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
हजरतगंज क्षेत्र में नौ अक्टूबर को अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर कैफे संचालक शिवा शर्मा (27) की मौत हो गई थी। सूत्रों के अनुसार शर्मा कथित तौर पर पिछले चार माह से मॉडल और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर श्रद्धा दुबे के साथ सहजीवन संबंध में थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में शर्मा की महिला मित्र और चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि संकेत मिल रहे हैं कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल चली गई है।
पुलिस ने पहले शिवा शर्मा की मौत को एक हादसा माना लेकिन उसके परिजनों द्वारा मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाये जाने के बाद हत्या की जांच शुरू की गई। पुलिस ने पीड़ित की मां की शिकायत पर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, उसके ड्राइवर आदिल और दो अन्य समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
हालांकि आरोपियों को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है और जांच अधिकारी उन घटनाओं की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिनकी वजह से शर्मा की मौत हुई। पुलिस की कई टीम इस दिशा में प्रयास कर रही हैं।
शर्मा की मां, रंजना शर्मा ने पहले आरोप लगाया था कि उनके बेटे को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया और फिर इमारत से नीचे फेंक दिया गया। उन्होंने दावा किया कि उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे, जिनमें जबड़े, आंखों के आस-पास के हिस्से, पसलियों और पैर टूटने के साथ-साथ सिगरेट से जलने के निशान और खरोंचें भी शामिल थीं।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि दुबे पिछले चार-पांच महीनों से शर्मा को परेशान कर रही थी, उसके साथ मारपीट कर रही थी और उसे झूठे मामलों में फंसाने तथा बदनाम करने की धमकी दे रही थी। परिवार के अनुसार, वह शर्मा की मौत से लगभग एक हफ्ता पहले उनकी दुकान पर आई थी और उन्हें धमकी देते हुए मांग की थी कि वे शर्मा को उसके हवाले कर दें। इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने कहा कि वे मौत के हालात की जांच कर रहे हैं।
सूत्रों का दावा है कि श्रद्धा दुबे के अपराधियों, माफिया और रसूखदारों से अच्छे संबंध हैं और सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर लगभग 1.41 लाख फॉलोअर्स हैं।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि अब इस मामले में विशेष रूप से यह तहकीकात की जा रही है कि शर्मा चौथी मंजिल से कैसे गिरे और उसमें किसकी क्या भूमिका रही। इस बीच मुख्य आरोपी के नेपाल फरार होने की खबरें भी आ रही हैं।
भाषा आनन्द सुरभि
सुरभि