Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

ओडिशा : जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

ब्रह्मपुर, 13 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए कथित तौर पर बिछाए गए बिजली के तार के संपर्क में आने से मंगलवार को 42 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना जिले के पटापुर थाना क्षेत्र के प्रतापगिरि गांव में हुई। मृतक की पहचान इसी गांव के मेहेनकल नायक के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, नायक देर रात कुछ अन्य लोगों के साथ अपनी फसलों को जंगली जानवरों, खासकर जंगली सूअरों से बचाने के लिए खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वह बिजली के तार में उलझ गए।

अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल नायक को पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यहां एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पटापुर थाने के प्रभारी दीप्ति रंजन बेहेरा ने बताया कि घटनास्थल से बिजली का तार, बांस और कांच की बोतलें जब्त की गई हैं। इनका इस्तेमाल खेत में जंगली जानवरों को मारने के लिए बिजली का तार बिछाने में किया गया था।

उन्होंने कहा कि बिजली वितरण लाइन से अवैध रूप से तार जोड़कर बिजली का करंट फैलाने वाले आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान जारी है।

एक सप्ताह के भीतर जिले में करंट लगने से मौत की यह दूसरी घटना है। छह अक्टूबर को जिले के पोलसरा थाना क्षेत्र के भबरड़ा गांव के निवासी संतोष कुमार स्वैन (38) की भी इसी तरह करंट लगने से मौत हो गई थी।

पुलिस के अनुसार, स्वैन गांव के बाहरी इलाके में स्थित अपने गौशाला जा रहे थे, तभी वह बिजली के तार के संपर्क में आ गए। जंगली सूअरों को मारने के लिए अवैध रूप से बिजली का तार बिछाने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

भाषा राखी अविनाश

अविनाश