Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

राहुल गांधी 2029 में फिर से करारी हार के लिए तैयार रहें : अमित शाह

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को 2029 में एक बार फिर से ‘‘करारी हार’’ के लिए तैयार रहना चाहिए क्योंकि देश की जनता भाजपा, राजग और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ है।

शाह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) रद्द करने की मांग को लेकर जारी विरोध- प्रदर्शनों पर अपनी पहली टिप्पणी में यह बात कही।

शाह ने कड़े शब्दों में कहा कि कांग्रेस जिस तरह की ‘‘नकारात्मक राजनीति’’ कर रही है, उससे उसे कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल को जनता को समझने और उससे जुड़ने की जरूरत है। उन्होंने कई राज्यों में हालिया उपचुनावों और स्थानीय निकाय चुनावों में विपक्षी पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन का हवाला दिया।

शाह ने कहा, ‘‘जब से आप कांग्रेस के मुख्य नेता, फिर उसके अध्यक्ष और अब विपक्ष के नेता बने हैं, कांग्रेस पार्टी लगातार चुनाव हारती रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आपको आत्ममंथन करने की जरूरत है। आप बनावटी मीडिया कार्यक्रमों और झूठ के सहारे देश की जनता का भरोसा नहीं जीत सकते।’’ उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस कई दशकों से लगातार हार रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सीधे राहुल गांधी जी से पूछना चाहता हूं: क्या यह एसआईआर का नतीजा है? एसआईआर 2024 के बाद ही शुरू हुआ।’’

राहुल की आलोचना करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि भारत के लोग ‘‘घुसपैठियों को मतदाता के तौर पर पंजीकृत कराने’’ की उनकी (राहुल की) योजनाओं के बारे में जानते हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं राहुल जी और उनके सहयोगियों से कहना चाहता हूं कि वे एक बार फिर करारी हार के लिए तैयार रहें। वर्ष 2029 के आम चुनाव में राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) भारी बहुमत से जीतने जा रहा है और कांग्रेस लगातार चौथी बार हार का सामना करेगी।’’

शाह ने कहा, ‘‘इस देश की जनता नरेन्द्र मोदी जी, भाजपा और राजग के साथ है। आप इस सच्चाई को नकार नहीं सकते।’’

शाह की ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं जब इस महीने विपक्षी दलों और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) की ओर से एसआईआर के मुद्दे पर लगातार प्रदर्शन किये जा रहे हैं।

गृह मंत्री ने कहा कि 14 राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं का एकत्र होना और डेढ़ किलोमीटर के इलाके में 8,000 लोगों की भीड़ इकट्ठा करने से राहुल गांधी देश की आवाज नहीं बन जाते।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी से मेरी गुजारिश है कि देश की आवाज खेतों-खलिहानों, गांवों, दूर-दराज के पहाड़ी इलाकों, जंगलों और नदियों के किनारों पर भी बसती है। वहां तक ​​आपकी पहुंच नहीं है।

शाह ने कहा, ‘‘देश के कई राज्यों में--चाहे वह बिहार हो, उत्तर प्रदेश हो या तमिलनाडु--जनता ने कांग्रेस पार्टी को नकार दिया है।’’

उन्होंने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के उपचुनाव नतीजों तथा नागांव (असम) लोकसभा सीट के उपचुनाव परिणाम का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘क्या आप इन सभी बातों को अपनी हार बताकर खारिज कर देंगे? आपको आत्ममंथन करना चाहिए। एक बहुत बड़े राज्य में, जहां आप हमेशा सत्ता में रहे हैं, आप 41 साल में एक भी चुनाव नहीं जीत पाए हैं। यह आपके लिए आत्ममंथन का विषय है।’’

गुजरात में नगर निकायों चुनावों के नतीजों का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा का 90 प्रतिशत नगर निगमों और 66 प्रतिशत नगर परिषदों पर नियंत्रण है, और नगर पालिकाओं में भी पार्टी ने 65 प्रतिशत सीटें जीती हैं।

शाह ने कहा, ‘‘मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं, और ख़ासकर राहुल गांधी तक यह बात पहुंचाना चाहता हूं कि 41 साल बाद भी कांग्रेस वहां (गुजरात में) एक भी चुनाव नहीं जीत पाई है।’’

शाह ने त्रिपुरा की ग्राम समिति चुनावों का भी जिक्र किया, जहां भाजपा ने 77.5 प्रतिशत मत प्रतिशत के साथ शानदार जीत हासिल की।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश