हमीरपुर (हिप्र), 13 अक्टूबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का कथित मामला सामने आया है, जहां एमबीबीएस प्रथम वर्ष के एक छात्र ने कुछ वरिष्ठ छात्रों पर उसे बार-बार परेशान करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
दूसरे राज्य के रहने वाले इस छात्र ने कॉलेज प्रशासन को भेजे एक ईमेल में आरोप लगाया कि एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के कई छात्र पिछले कुछ समय से उसके साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि कॉलेज की रैगिंग-रोधी समिति ने मंगलवार को बैठक कर शिकायत के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
मामले में शामिल कुछ संदिग्ध छात्रों को समिति के समक्ष एक-एक करके बुलाया गया और बंद कमरे में उनसे पूछताछ की गई। जांच के तहत समिति ने उनके बयान भी दर्ज किए।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने बताया कि सोमवार सुबह रैगिंग-रोधी समिति की प्रमुख प्रोफेसर मोनिका ने उन्हें इस शिकायत के बारे में सूचित किया था।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने द्वितीय वर्ष के कुछ छात्रों द्वारा उसके साथ किए गए दुर्व्यवहार की कई घटनाओं का उल्लेख किया है। इनमें आंखें नीची करके बात करने का निर्देश देना और उसे नीचा दिखाने के लिए अपमानजनक नामों से पुकारना शामिल है।
प्राचार्य ने कहा कि शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई और आरोपी छात्रों में से कुछ से विस्तार से पूछताछ की गई। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज की रैगिंग-रोधी समिति पूरी पारदर्शिता के साथ जांच कर रही है।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश