Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

मेघालय मंत्रिमंडल ने सार्वजनिक क्षेत्र की सीमेंट कंपनी एमसीसीएल को बंद करने की मंजूरी दी

शिलांग, 13 अक्टूबर (भाषा) मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने मंगलवार को कहा कि मंत्रिमंडल ने सरकारी कंपनी मावम्लुह चेरा सीमेंट्स लिमिटेड (एमसीसीएल) को बंद करने और बिक्री कर तथा रॉयल्टी के बकाया 24.43 करोड़ रुपये बट्टे खाते में डालने को मंजूरी दे दी है। कंपनी में 2020 में उत्पादन बंद हो गया था।

उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल ने कंपनी को बंद करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए बिक्री कर के लगभग 8.9 करोड़ रुपये और रॉयल्टी के 15.53 करोड़ रुपये के बकाये को बट्टे खाते में डालने यानी खाते से हटाने की मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप एमसीसीएल के कर्मचारियों के बकाये का भुगतान किया जा चुका है।

उन्होंने कहा, ‘‘एमसीसीएल सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी है। ऐसे में इन देनदारियों का निपटान राज्य सरकार और उसके विभागों के बीच धन के हस्तांतरण के रूप में करना पड़ता।’’

उन्होंने कहा कि इस फैसले से कंपनी को बंद करने की प्रक्रिया सरल होगी और राज्य सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाले बिना कंपनी को बंद किया जा सकेगा।

मेघालय की सबसे पुरानी सरकारी सीमेंट कंपनी एमसीसीएल को मूल रूप से 1955 में असम सीमेंट्स लिमिटेड के नाम से स्थापित किया गया था। 1974 में इसका नाम बदलकर मावम्लुह चेरा सीमेंट्स लिमिटेड कर दिया गया।

सोहरा के मावम्लुह में स्थित इसके संयंत्र में 15 नवंबर, 1966 को व्यावसायिक उत्पादन शुरू हुआ था।

भाषा रमण अजय

अजय