नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) कंट्रोलएस डेटासेंटर्स ने मंगलवार को बिहार की राजधानी पटना में 400 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अपने डेटा सेंटर का उद्घाटन किया।
इसके साथ ही, कंपनी ने बोधगया में 150 मेगावाट क्षमता वाली कृत्रिम मेधा (एआई) फैक्टरी की स्थापना के लिए 10,000 करोड़ रुपये के निवेश के आशय पत्र पर हस्ताक्षर होने की भी घोषणा की।
कंट्रोलएस ने बयान में कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में शुरू हुए पटना डेटा सेंटर की वर्तमान आईटी क्षमता 12 मेगावाट है। भविष्य की मांग के हिसाब से आगे इसका विस्तार किया जा सकता है।
पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र में स्थित यह डेटा सेंटर एआई और क्लाउड सेवाओं के अनुकूल है। इससे बिहार और पूर्वी भारत में कंपनियों, सरकारी संस्थानों, बड़े क्लाउड सेवा प्रदाताओं और प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनियों को सेवाएं मिलेंगी।
कंट्रोलएस डाटासेंटर्स के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्रीधर पिन्नापुरेड्डी ने कहा, ‘‘कंपनी अपने साझेदारों के साथ बिहार में निवेश बढ़ाने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और क्षेत्र के आर्थिक विकास में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में बाजार की संभावनाओं और डिजिटल बुनियादी ढांचे की बढ़ती मांग से कंपनी का भरोसा मजबूत हुआ है।’’
वर्ष 2007 में परिचालन शुरू करने वाली कंट्रोलएस देश के नौ बाजारों में 19 डेटा सेंटर संचालित करती है। कंपनी ने 2030 तक अपनी डेटा सेंटर क्षमता बढ़ाकर 4.4 गीगावाट से अधिक करने की योजना बनाई है।
कंपनी आने वाले वर्षों में देश के दूसरे और तीसरे दर्जे के शहरों में 20 से अधिक छोटे डेटा सेंटर भी स्थापित करेगी। इससे स्थानीय स्तर पर कंप्यूटिंग और कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी तथा कम देरी वाली डिजिटल सेवाओं की बढ़ती मांग पूरी करने में मदद मिलेगी।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय