Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

मंडियों के बाहर किसानों की उपज रखने के लिए जगह की पहचान की जाए : सैनी

चंडीगढ़, 13 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को अधिकारियों को खरीफ खरीद सत्र 2026 के दौरान किसानों की उपज उतारने और रखने के लिए मंडियों के अलावा उपयुक्त खुले स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। साथ ही, उनकी उपज को सुरक्षित रखने के लिए चारदीवारी या बाड़ लगाने सहित अन्य जरूरी इंतजाम किए जाने चाहिए।

सैनी ने यहां खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह भी निर्देश दिया कि बारिश से किसानों की उपज को नुकसान न पहुंचे और मंडियों से उसका समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि खरीद सत्र के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की सुविधा सुनिश्चित करने और उनकी मेहनत से पैदा की गई उपज की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। खरीद के दौरान उपज उतारने और रखने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि मंडियों में व्यवस्था बनी रहे और किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

एक सरकारी बयान के अनुसार, सैनी ने अधिकारियों को मंडियों के बाहर चिह्नित किए गए खुले स्थानों पर उपज सुरक्षित रखने के उचित इंतजाम करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बारिश की आशंका को देखते हुए उपज को भीगने से बचाने और उसका समय पर उठान सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करना चाहिए, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे और किसानों को बेवजह इंतजार न करना पड़े।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय