Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

जंतर-मंतर पर अनधिकृत प्रवेश: कॉजपा नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर क्षेत्र में बिना अनुमति के प्रवेश करने के आरोप में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेताओं सौरव दास, आशुतोष रांका और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

एक पुलिस सूत्र ने कहा कि प्राथमिकी में रांका और दास द्वारा पहले प्रस्तुत किए गए शांति बॉण्ड का उल्लंघन करने से संबंधित धाराएं भी शामिल हैं।

कार्यकर्ताओं ने भारी बैरिकेडिंग को भेदते हुए जंतर मंतर पर प्रवेश किया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए।

पुलिस ने हाल में जंतर मंतर को धरना-प्रदर्शन के निर्धारित स्थलों की सूची से बाहर कर दिया है।

निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर कथित तौर पर क्षेत्र में प्रवेश करने और कुमार के खिलाफ नारेबाजी करने के बाद दास, रांका और कॉजपा के कुछ अन्य सदस्यों को मंगलवार तड़के हिरासत में ले लिया गया। संगठन के अनुसार, दास, रांका और अजिंक्य शिंदे सहित उसके लगभग 11 सदस्यों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को द्वारका जिले के जाफरपुर कलां थाना ले जाया गया। कॉजपा के कुछ कार्यकर्ताओं के वहां एकत्र होने के बाद थाने और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई।

कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने इस कार्रवाई को जंतर-मंतर पर पुनः अधिकार करने के रूप में वर्णित किया और दावा किया कि जंतर मंतर को धरने के लिए निर्धारित स्थल के रूप से हटाने से संगठन का आंदोलन जारी रखने का इरादा कमजोर नहीं होगा।

इससे पहले, दीपके, दास और रांका को शनिवार को एक उड़ान से दिल्ली पहुंचने के बाद पुलिस कर्मियों ने विमान के अंदर से हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने यह कार्रवाई सीईसी कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर मंतर पर संगठन द्वारा आहूत प्रदर्शन के मद्देनजर किए गए व्यापक सुरक्षा उपायों के तहत की थी। हालांकि उन्हें एक दिन बाद इस शर्त पर रिहा कर दिया गया कि वे एक साल तक 'शांति भंग नहीं करेंगे'।

हालांकि, कॉजपा नेताओं ने सीईसी के इस्तीफा देने तक अपना आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।

दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने 11 अक्टूबर को एक स्थायी आदेश जारी कर रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान को विरोध प्रदर्शन और प्रदर्शनों के लिए नया निर्धारित स्थल घोषित किया है।

कॉजपा ने कहा कि यह घोषणा 12 अक्टूबर को की गई जब उसके प्रतिनिधियों ने जंतर-मंतर पर अपने प्रस्तावित शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए तारीख और समय मांगने के लिए संसद मार्ग थाने का रुख किया था।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश