ओडेन्से (डेनमार्क), 13 अक्टूबर (भाषा) भारत की पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन मंगलवार को डेनमार्क ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर में हारकर बाहर हो गए जबकि किदांबी श्रीकांत और तन्वी शर्मा ने अपने-अपने एकल मुकाबलों में कड़े संघर्ष के बाद जीत दर्ज करके दूसरे दौर में जगह बनाई।
एसजेएफ बैंक एरेना में खेले गए महिला एकल के पहले दौर के मुकाबले में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू को जर्मनी की उनसे कम रैंकिंग वाली यवोन ली के खिलाफ एक घंटे पांच मिनट तक चले मुकाबले में 21-13, 23-25, 19-21 से हार का सामना करना पड़ा।
पुरुष एकल के पहले दौर में लक्ष्य को चीनी ताइपे के तीसरी वरीयता प्राप्त चोउ टिएन चेन ने एक घंटे तीन मिनट तक चले मुकाबले में 21-18, 13-21, 21-15 से हराया।
एक अन्य पुरुष एकल मुकाबले में श्रीकांत ने फ्रांस के अरनॉड मर्कल को 46 मिनट में 22-20, 21-19 से शिकस्त दी। अब उनका सामना इस 9,50,000 अमेरिकी डॉलर इनामी सुपर 750 टूर्नामेंट के प्रीक्वार्टर फाइनल में फ्रांस के सातवीं वरीयता प्राप्त एलेक्स लेनिएर से होगा। श्रीकांत ने 2017 में यहां खिताब जीता था।
महिला एकल में तन्वी को भी जापान की नात्सुकी निदाइरा के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने एक घंटे 12 मिनट तक चले मुकाबले में 21-17, 16-21, 21-19 से जीत हासिल की। अगले दौर में उनका सामना जर्मनी की यवोन ली से होगा।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द