Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

अमृतसर में आईएसआई समर्थित हथियार और विस्फोटक आपूर्ति मॉड्यूल का भंडाफोड़

चंडीगढ़, 13 अक्टूबर (भाषा) पंजाब पुलिस ने मंगलवार को अमृतसर में हथियारों और विस्फोटकों की आपूर्ति करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा किया जिसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का समर्थन हासिल था।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस प्रतिष्ठानों पर हमला करने की साजिश नाकाम हो गई।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि इस सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से मई 2026 में खासा सैन्य छावनी के पास हुए विस्फोट का मामला भी सुलझ गया है।

आरोपियों के कब्जे से एक हथगोला, एक पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए गए हैं।

डीजीपी ने बताया कि पुलिस प्रतिष्ठानों पर हमले की साजिश के सिलसिले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोगा जिले के निवासी नवदीप सिंह, सैमुअल उर्फ सामू और संदीप सिंह उर्फ टिड्डी के रूप में हुई है।

खासा छावनी के पास हुए विस्फोट को अंजाम देने के आरोप में गिरफ्तार तीन अन्य लोगों की पहचान अमृतसर के अटारी निवासी रमनदीप सिंह, जजप्रीत सिंह और अर्शदीप सिंह उर्फ केक्रा के रूप में हुई है।

यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच में इस मॉड्यूल के विदेश में स्थित तस्करों और आईएसआई के एजेंट से कथित संबंध सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

कार्रवाई का ब्योरा साझा करते हुए सीमा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियों से मिली सूचना के आधार पर अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने नवदीप सिंह और उसके साथियों सैमुअल उर्फ सामू तथा संदीप सिंह उर्फ टिड्डी को पकड़ा।

इस संबंध में 11 अक्टूबर को घरिंडा थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

आईजीपी ने कहा कि इस कार्रवाई से पांच मई की रात खासा सैन्य छावनी के पास हुए आईईडी विस्फोट का मामला भी सुलझ गया है।

उन्होंने बताया कि विस्फोट छावनी की चारदीवारी के पास हुआ था। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी।

इस मामले में छह मई को घरिंडा थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था।

अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चहल ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया था।

चहल ने बताया कि अपराध जांच एजेंसी (सीआईए) के प्रभारी निरीक्षक मनमीत सिंह और घरिंडा थाने के प्रभारी निरीक्षक अमनदीप सिंह के नेतृत्व में विस्तृत जांच और तकनीकी निगरानी के बाद रमनदीप सिंह, जजप्रीत सिंह और अर्शदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया।

भाषा राखी अविनाश

अविनाश